मुरादाबाद। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की जिला इकाई का चुनाव मंगलवार को संपन्न हो गया। अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर में जिला अस्पताल के सीनियर सर्जन डा. आरडी तिवारी ने प्रतिद्वंदी वरिष्ठ चिकित्सक डा. अशोक कुमार को 24 मतों से हरा दिया। इसके बाद चुनाव अधिकारी ने कार्यकारिणी की घोषणा भी कर दी।
चिकित्सा सेवा संघ के चुनाव की लहर मंगलवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही बहने लगी थी। सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के डाक्टर भी फोन पर मतदान के रुझान जानने की कोशिश में जुटे रहे। करीब 12 बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम पांच बजे तक चलती रही। जिले के 70 डाक्टरों को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था, इसमें से 60 ने वोट डाले। डा. तिवारी को कुल 42 मत प्राप्त हुए, जबकि डा. अशोक कुमार को 18। इसके बाद शाम छह बजे चुनाव अधिकारी डा. ओपी सिंह व रिटर्निंग अफसर डा. सौरभ मिश्रा ने कार्यकारिणी की घोषणा की। विदित हो कि संघ के ूबाकी पदों पर एक दिन पूर्व ही निर्विरोध प्रत्याशियों का चयन हो गया था।
देर शाम डाक्टरों में जश्न का माहौल नजर आया। डा. आरडी तिवारी ने सभी का मुंह मीठा कराया। सीएमओ डा. संजीव यादव, सीएमएस डा. केआर वर्मा आदि ने भी बधाई दी।
--
संघ की कार्यकारिणी--
अध्यक्ष - डा. आरडी तिवारी
सचिव - ़डा. धर्मेंद्र सैनी
उपाध्यक्ष - डा. आरके शर्मा, डा. प्रवीन कुमार, डा. निर्मला पाठक
वित्त सचिव- डा. पंकज शर्मा
संपादक - डा. अरुण कुमार
सेंट्रल काउंसिल मेंबर- ़डा. राजेंद्र सैनी