मुरादाबाद। नाजरपुर से अपर्हत युवक के बरामद होने से पुलिस ने राहत की सांस जरूर ली है लेकिन मामला अभी अनसुलझा है। कुढ़ के जंगल में मिले युवक को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती करा दिया है। बुधवार को पुलिस ने युवक से पूछताछ की कोशिश की लेकिन परिजनों ने अभी हालत सही न होने की बात कह मना कर दिया।
27 जुलाई को नाजरपुर गांव से रनवीर यादव का अपहरण हो गया था। रनवीर के भाई मथुरा सिंह ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस का मानना है कि 2010 में गजराम मर्डर केस में समझौते की पेशबंदी में ये केस बनाया गया है। इसी के चलते पुलिस किसी को गिरफ्तार नहीं कर रही है लेकिन पुलिस अभी खुल के कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है। मंगलवार को रनवीर को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस ने बुधवार को पूछताछ करने का प्रयास किया लेकिन परिजनों ने मना कर दिया। एसपी सिटी महेंद्र यादव का कहना है कि अभी तफ्तीश जारी है।