मुरादाबाद। पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर ताबड़तोड़ छापामारी की गई। बिजनौर के एक पंप पर गड़बड़ी मिलने से आपूर्ति सस्पेंड कर दी गई है। गैस एजेंसियों पर स्टाक चेक किया गया। अधिकांश पर बैकलाग मिला है। समय से आपूर्ति न करने की शिकायतें भी लगातार गूंज रही थीं।
महंगाई की आड़ में ‘लूटमार’ करने लगे गैस वाले। एक सिलेंडर की कीमत 406 रुपये निर्धारित है लेकिन घरों पर 430 से 440 तक में पहुंचाया जा रहा है। कई इलाकों से शिकायतें गूंज रही हैं। डीएम के समक्ष भी यह ‘गोलमाल’ पहुंच गया है। जब अमर उजाला ने इसे प्रमुखता के साथ उठाया तो प्रशासन में हड़कंप मच गया। उपायुक्त खाद्य दिनेश चंद्र मिश्रा ने जिले वार टीमों का गठन करके छापामारी का आदेश जारी किया। टीमों ने मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, ज्योतिबाफुले नगर और भीमनगर में छापामारी की। गैस एजेंसियों पर भी स्टाक चेक किया गया। घरेलू, ईंधन गैस और व्यवसायिक व अवैध प्रयोग पर नौ एफआईआर दर्ज करा दी गईं हैं। मंडल में बीस पेट्रोल पंप भी चेक किए गए। बिजनौर के एक पेट्रोल पंप पर गड़बड़ी मिली थी लिहाजा वहां आपूर्ति रोक दी गई है। कुछ पंपों से पेट्रोल और डीजल के सैंपल भी भरे गए। इन सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।