मुरादाबाद। बिहार के पूर्व राज्यसभा सदस्य के बेटे ने अपने परिचित की पुत्री को ही घर में अकेला देखकर उसके साथ छेड़खानी की। युवती के भाई ने उसे जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। सिविल लाइंस थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसकी कार सीज कर दी है।
पटना के मरौठी थाना क्षेत्र के गांव खरैसा के मृत्युंजय उर्फ विश्वजीत (पुुत्र जयकुमार) दिल्ली में प्रोफेशनल कोर्स कर रहा है। मंगलवार को वह महानगर आया था। यहां रेलवे कालोनी के एच ब्लॉक में उसके गांव के परिचित रहते हैं। मंगलवार को देर शाम रेलवे कालोनी पहुंचा तो वहां पर परिचित की बीस वर्षीय पुत्री घर में अकेली थी। मृत्युंजय ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने हल्ला मचाया इसी बीच युवती का भाई घर पहुंच गया। भाई ने आसपास के लोगों के साथ मिलकर मृत्युंजय की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची रेल चौकी पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी ने खुद को पूर्व सांसद का बेटा बताते हुए रौब गांठने का प्रयास किया। उसने पुलिस को बताया उसके पिता का पांच साल पहले निधन हो चुका है। वे राजद से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। युवती के भाई ने मृत्युंजय के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने उसकी सेंट्रो कार डीएल- 3सीएए/ 8711को सीज कर दिया और मृत्युंजय का चालान कर दिया।