मुरादाबाद। रेल विभाग की अव्यवस्था और सुरक्षा में कमी यात्रियों के सफर को दुष्कर बना रही हैं। बुधवार को गजरौला-कांकाठेर स्थित क्रासिंग के दोनों बूम के बीच किसी सिरफिरे ने कार खड़ी कर दी। मामले की जानकारी के बाद हड़कंप मच गया। आननफानन में मामले की जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई और ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गजरौला कांकाठेर के बीच फाटक पर किसी युवक ने कार को गेट के अंदर खड़ा कर दिया। ट्रैक के नजदीक कार खड़ी करने के बाद युवक आसपास ही घूमता रहा। यह देखकर गेटमैन को मामला संदिग्ध लगा और उसने कार बम होने की आशंका जताते हुए जानकारी कंट्रोल रूम को दी। आननफानन में आरपीएफ को सूचना दी गई और ट्रेनों का संचालन भी रोक दिया गया। आरपीएफ के मौके पर पहुंचने से पहले युवक कार को लेकर फरार हो गया। निरीक्षण में सब सही मिलने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। रात ग्यारह बजे तक चले इस घटनाक्रम के चलते लखनऊ मेल, दूरंतो और रानीखेत एक्सप्रेस आदि ट्रेनें लेट हो गईं।