मुरादाबाद। सिविल लाइंस की गौर ग्रेसियस सोसायटी निवासी वीनू गुप्ता को जिओ फाइबर का वाईफाई कनेक्शन ठीक कराने का झांसा देकर साइबर ठग ने 94 हजार रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए वीनू गुप्ता ने बताया कि उनके घर में जिओ फाइबर कनेक्शन है। 25 सितंबर 2024 को उनके कनेक्शन में कुछ समस्या आ गई थी। उन्होंने इसकी शिकायत दर्ज कराने के लिए गूगल से जिओ फाइबर कस्टमर केयर पर कॉल की थी। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह सुबह कॉल करें। इस समय उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाएगा।
अगले दिन वीनू गुप्ता के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह जिओ फाइबर से बोल रहा है। उसने वीनू गुप्ता से व्हाट्सएप पर एप डाउनलोड करा लिया। इसके बाद आरोपी ने उनसे कुछ और जानकारियां लीं। इसके बाद पीड़िता का मोबाइल हैक हो गया और आरोपी ने वीनू के खाते से तीन बार में 94 हजार रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर लिए। पीड़िता के मोबाइल पर आए मैसेज से साइबर ठगी की जानकारी हुई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि साइबर सेल ने उन खातों की डिटेल निकलवाई है, जिसमें रकम ट्रासंफर की गई थी। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।