मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए 92 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। बुधवार तक सभी कॉलेजों को इन आवेदन का सत्यापन करना है।
विश्वविद्यालय की ओर से प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म के आवेदन के लिए दो बार अंतिम तारीख में बढ़ोतरी की थी। सोमवार को ऑनलाइन आवेदन करने का अंतिम दिन था। मंगलवार तक सभी विद्यार्थियों को कॉलेज में फॉर्म जमा करने हैं। इसके बाद कॉलेज बुधवार तक जमा किए गए आवेदन पत्रों को सत्यापित करेंगे।
विश्वविद्यालय की समर्थ टीम के चेयरमैन प्रो. सुनील जोशी ने बताया कि सोमवार शाम तक 92 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है। इसके अलावा करीब 19 हजार ऐसे विद्यार्थी हैं, जो आवेदन करने से वंचित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि इसमें कुछ ऐसे भी विद्यार्थी होंगे, जिनकी उनके कालेजों ने दाखिला के समय सीट लॉक नहीं की थी।
हालांकि विश्वविद्यालय ने ऐसे भी विद्यार्थियों को पूरा अवसर दिया था। कॉलेजों के अलावा खुद विश्वविद्यालय में आए विद्यार्थियों के प्रार्थना पत्रों के आधार पर सीट लॉक या विषय बदलाव वाले मामलों का समाधान किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक प्रवेश पत्र जारी होने की संभावित तारीख दो जनवरी और परीक्षा शुरु होने की संभावित तारीख पांच जनवरी है। हालांकि समर्थ टीम दिल्ली से वार्ता होने के बाद आगे की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।