पॉलिथीन बंद कराने के अभियान के चौथे दिन भी टीमों को बाजार में जगह-जगह व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। कई जगह अधिकारियों से पॉलिथीन छीन ली गईं, जबकि कई ने जुर्माना देने से इंकार कर दिया। इस अभियान में करीब डेढ़ क्विंटल पॉलिथीन जब्त की गई।
शासन के निर्देश पर महानगर में पॉलिथीन रोकने का अभियान बुधवार को चौथे दिन भी जारी रहा। नगर आयुक्त के आदेशानुसार चारो टीमों में से केवल अधिकारियों ने ही दुकानों में प्रवेश किया और दुकानदारों से बातचीत कर पॉलिथीन जब्त कर जुर्माना वसूला। कर्मचारियों को व्यापारियों से सीधे बातचीत नहीं करने दी गई। इसके बावजूद जगह-जगह विरोध हुआ। व्यापारियों ने टीमों को अभियान न चलाने को कहा और पॉलिथीन बंद कराने के लिए दो महीने का समय देने की मांग की। अधिकारियों के इंकार करने पर पांच स्थानों पर उनके हाथ से दुकानदारों ने पॉलिथीन छीन लीं और जुर्माने की धनराशि देने से भी इंकार कर दिया। ऐसे में अफसरों ने संबंधित दुकानों का चालान कर दिया। इनकी आरसी काटकर जुर्माना वसूला जाएगा। इसके बावजूद चारों टीम ने करीब डेढ़ क्विंटल पॉलिथीन जब्त की और 30 हजार से ज्यादा रुपये का जुर्माना वसूला। अभियान वृहस्पतिवार को 11 बजे से ज्यादा प्रभावी तरीके से चलाया जाएगा।
अभियान की बनाई जाएगी वीडियो
अभियान के दौरान विरोध करने वाले दुकानदारों की अब मोबाइल से वीडियो बनाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर कैमरामैन भी साथ रखा जाएगा। नगर आयुक्त अवनीश कुमार शर्मा ने ने अभियान में पारदर्शिता बनाए रखने और कार्रवाई के दौरान पूरी स्थिति पर नजर रखने के लिए वीडियो बनवाने का निर्णय लिया है। जिन स्थानों पर टीम को विरोध का सामना करना पड़ेगा। वहां पर मोबाइल से वीडियो बना ली जाएगी। जरूर पड़ने पर टीम के साथ वीडियो बनाने के लिए कैमरामैन भी लगाया जाएगा।
गांधी जी के गाल नहीं हैं
अभियान का विरोध करने वाले व्यापारियों से मेयर विनोद अग्रवाल ने कहा कि निगम की टीम को शालीनता बरतने के आदेश दिए गए हें। वह किसी दुकानदार से बदसलूकी नहीं करेगी। इसका मतलब यह नहीं है कि टीम के साथ बदसलूकी की जाए या अभियान का विरोध किया जाए। यह नगर निगम की टीम है, गांधी जी के गाल नहीं हैं जो एक के बाद दूसरा आगे कर देंगे। यदि टीम का विरोध हुआ तो पॉलिथीन जब्त कर चालान और जुर्माना तो लगाया ही जाएगा, साथ ही रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी।