पॉलिथीन रोकने के अभियान का विरोध करने के लिए बुधवार को दुकानदार सड़कों पर आ गए। पॉलिथीन बैग्स एसोसिएशन के बैनर तले दुकानदारों ने नगर आयुक्त और मंडलायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा और उत्पीड़न का आरोप लगाया।
पॉलिथीन विक्रेता पहले नगर आयुक्त के कार्यालय पर पहुंचे और निगम की टीमों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। इनका कहना था कि 50 माइक्रोन से मोटी पॉलिथीन को भी जब्त करके जुर्माना लगाया जा रहा है, जबकि वह मानक में है। पॉलिथीन के बैग्स पर 50 माइक्रोन की मुहर भी लगी है। नगर आयुक्त ने दुकानदारों को बताया कि 50 माइक्रोन लिखा होने के साथ ही इसको बनाने वाली फर्म का नाम और उसका रजिस्ट्रेशन नंबर होना अनिवार्य है। ऐसा न लिखे होने वाली सभी पॉलिथीन को जब्त किया जाएगा।
इसके बाद व्यापारी कमिश्नर के कार्यालय पर पहुंचे। वहां पर प्रदर्शन कर पॉलिथीन बंदी के अभियान को रोकने की मांग की। वहां से भी कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद व्यापारी महापौर से भी मिले। महापौर ने व्यापारियों से पॉलिथीन बंद करने के अभियान में उनका सहयोग मांगा। ज्ञापन देने वालों में संगठन के अध्यक्ष पदम अग्रवाल, महामंत्री मदनलाल गोयल, अजीम अरसी, अरुण गोयल, गुलनवाज, अली गुड्डू और वीनू शर्मा आदि रहे।