हरथला रेलवे स्टेशन के पास स्थित गुलाब बाग मोहल्ले में मंगलवार दोपहर लोगों ने बिजली विभाग के जेई और एसडीओ का पुतला फूंक कर नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि बार बार शिकायत के बाद भी बिजली सप्लाई में कोई सुधार नहीं हो पा रहा है।
प्रदर्शन करने वाले लोगों का कहना है कि पिछले आठ माह से इस मोहल्ले में बिजली संकट गहरा हुआ है। कभी बिजली इतना वोल्टेज कम आता है कि बल्ब भी मुश्किल से रोशनी कर पाते हैं। जबकि कभी इतना तेज आता है कि विद्युत उपकरण तक फुंक जाते हैं। इस मोहल्ले के कई लोगों के विद्युत उपकरण फुंक चुके हैं। जिसे लेकर लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है। रमजान माह में भी रोजेदारों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार दोपहर लोग गुलाब बाग मोहल्ले में एकजुट हुए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद लोगों ने जेई और एसडीओ का पुतला फुंक कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान नईम रज्रा, मोहम्मद हनीफ, मोहम्मद तसलीम, नाजिम, मो. सलीम, बादशाह, लतीफ, मनोज शर्मा, रियासत , मो सईद और मो. कासिम समेत अन्य लोग मौजूद रहे।