कांठ। 22 मई से शुरू हो रही जनगणना के लिए सुपरवाइजरों और जनगणना प्रगणकों का 14 दिवसीय प्रशिक्षण बृहस्पतिवार से शुरू होगा। कांठ में तहसील सहित तीन स्थानों पर सुपरवाइजरों और प्रगणकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसकी सभी तैयारियों को पूरा किया जा चुका है।
बता दें कि इस जनगणना का पहला चरण 22 मई से 20 जून तक चलेगा। जिसमें पहले घरों की गणना की जाएगी। कांठ तहसील क्षेत्र के 198 गांवों के साथ ही नगर पंचायत कांठ व नगर पंचायत उमरी कलां नगरीय क्षेत्रों में यह जनगणना होगी। कांठ तहसील के तकनीकी सहायक मोहम्मद दानिश ने बताया कि बृहस्पतिवार से सुपरवाइजरों और जनगणना प्रगणकों को जनगणना के लिए प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाना है। इसके लिए सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि कांठ तहसील क्षेत्र में जनगणना के लिए 86 सुपरवाइजर और 512 प्रगणक लगाए गए हैं। प्रत्येक सुपरवाइजर पर छह-छह प्रगणकों को लगाया गया है। कांठ और उमरी कलां नगर क्षेत्रों के सुपरवाइजरों व प्रगणकों का प्रशिक्षण कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कांठ के हॉल में और ग्रामीण क्षेत्रों के सुपरवाइजरों व प्रगणकों को तहसील व जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के हॉल में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण बृहस्पतिवार से 29 अप्रैल तक चलेगा।