कारागार के शौचालय में मृत मिला लंबरदार
हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था कैदी सोहन लाल
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
जिला कारागार में शनिवार देर रात लंबरदार सोहन लाल(50) की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। वह हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। कैदी सोहन लाल जेल के शौचालय में मृत अवस्था में पड़ा मिला। जेल अफसरों ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया। लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने पंचनामा भर कैदी का शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया है।
पचास वर्षीय कैदी सोहन लाल संभल जनपद के चंदौसी थानाक्षेत्र के जारई गांव का रहने वाला था। जेल अफसरों के मुताबिक, 2005 में जारई गांव में नबी मोहम्मद की हत्या में सोहन लाल को जेल भेजा गया था। 15 सितंबर 2015 को सोहन लाल, बट्टू, दिनेश को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। कैदी सोहन लाल जिला जेल में लंबरदार था। 21 दिसंबर को हालत बिगड़ने पर सोहन लाल को जेल के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार देर रात करीब दो बजे वह शौचालय में गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। बंदी रक्षक ने शौचालय में जाकर देखा तो वह मृत पड़ा था। शनिवार देर रात ढाई बजे जिला अस्पताल में डाक्टरों ने कैदी सोहन लाल को मृत घोषित कर दिया गया था। लेकिन चौबीस घंटे बीतने के बाद भी कैदी का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। दोपहर बाद पंचनामा तैयार किया गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक एमएचएस रिजवी ने बताया कि कैदी को हालत बिगड़ने पर भर्ती कराया गया था। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। उधर सोहनलाल के बेटे रिंकू ने बताया कि वह बीस दिसंबर को अपने पिता से मुलाकात करके गया था। लेकिन तब उन्हें किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं थी। रिंकू ने बताया कि उसके परिवार में मां उर्मिला और भाई बहन गुड़िया, पप्पू, चांदनी, रिंकू, पुष्पा, नीतू और खुशबू व रिंकी हैं।
एक और बंदी की हालत बिगड़ी
मुरादाबाद। जिला जेल में बंद एक और बंदी ग्रीश पाल की हालत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बंदी ग्रीश को रविवार सुबह पौने दो बजे तेज बुखार में भर्ती कराया गया है।