मुरादाबाद। नोएडा में यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का आगाज बृहस्पतिवार को हो गया। निर्यात के साथ घरेलू व खुदरा बाजार पर ध्यान केंद्रित करने वाले इस मेले में मुरादाबाद के 70 उद्यमियों ने स्टॉल लगाए हैं। पहले दिन अच्छी संख्या में ऑर्डर मिलने से व्यापारियों में खुशी है। मेले का आयोजन 29 सितंबर तक होगा।
मुरादाबाद में होम डेकोर व गार्डन फर्नीचर के निर्यातक विवेक अग्रवाल का कहना है कि व्यापारियों को सस्ती दरों पर स्टॉल दिए गए हैं। सरकार ने स्टॉल लगाने के लिए सब्सिडी भी दी है। यूपी के सभी क्लस्टर इस मेले में प्रतिभाग कर रहे हैं। घरेलू व विदेशी दोनों प्रकार के ग्राहकों की चहल पहल है। पहले दिन सीएम योगी ने इस मेले का उद्घाटन किया है। उद्यमी दीप्ती अग्रवाल का कहना है कि दिवाली से पहले इस मेले का आयोजन छोटे व्यापारियों व नए उद्यमियों के लिए बहुत फायदेमंद है। इस मेले में एक पीस लेने वाले ग्राहकों से 1000 पीस तक की बुकिंग देने वाले ग्राहक आ रहे हैं।
परंपरागत टेबल लैंप, कैंडल स्टैंड से लेकर नायाब नक्काशी वाले गुलदान, शमादान और गोल्ड प्लेटेड ट्रे भी इस मेले में आकर्षण का केंद्र हैं। मुरादाबाद के उद्यमी अली रिजवान ने बताया कि उद्यमी उत्तर प्रदेश के हैं लेकिन मेले में पूरे भारत से ग्राहक पहुंच रहे हैं। कानपुर के एक उद्यमी ने बंदूकों का स्टॉल लगाया है। इसी तरह फिरोजाबाद, सहारनपुर, लखनऊ, अमरोहा, भदोही के उत्पाद धूम मचा रहे हैं।
00
मेले से 80 करोड़ के कारोबार का अनुमान
उद्यमियों का कहना है कि पहले दिन 500 से ज्यादा लोगों ने मेले में ग्राहक के तौर पर आमद दर्ज कराई है। युवा उद्यमी आदित्य जिंदल बताते हैं कि आयोजकों ने कनाडा, मैक्सिको के ग्राहकों के साथ भी बैठक कराई है। उद्यमी अनुराग बंसल का कहना है कि मुरादाबाद के उत्पादों को पूरे देश के लोग पसंद कर रहे हैं। मेले से 80 करोड़ का कारोबार मिलने का अनुमान है। खासकर नए उद्यमी जोकि भविष्य में निर्यात की राह पर बढ़ना चाहते हैं। उनके लिए यह अच्छा मौका है।
00
मुरादाबाद से 70 उद्यमी यूपीआईटीएस में हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन रात आठ बजे तक मेला परिसर में चहल पहल रही है। विदेशी ग्राहकों के साथ बैठक भी कराई जा रही है। आने वाले तीन दिनों में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
- योगेश कुमार, संयुक्त आयुक्त, उद्योग