बिलारी।लक्ष्मी जी चीनी मिल पर बिलारी क्षेत्र के गन्ना किसानों के वर्तमान सीजन के लगभग 70 करोड़ रुपये अभी भी बकाया हैं। गन्ना समिति सभापति ने समिति सचिव के साथ बैठक कर भुगतान में देरी पर चीनी मिल के प्रति नाराजगी जताई है। समिति सचिव ने चीनी मिल के अध्यासी को पत्र भेजकर ब्याज सहित गन्ना मूल्य का शीघ्र भुगतान करने और गन्ना समिति की अब शेष कमीशन धनराशि देने को कहा है।
सहकारी गन्ना विकास समिति बिलारी के सभापति चौधरी विजयपाल सिंह से क्षेत्र के गन्ना किसान मिलकर लगातार मांग उठा रहे हैं कि चीनी मिल पर बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान शीघ्र दिलवाया जाए। बीती 29 मार्च को हुई गन्ना समिति की वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में भी बकाया गन्ना मूल्य भुगतान शीघ्र दिलाए जाने की मांग उठाई जा चुकी है। मंगलवार दोपहर गन्ना समिति के सभापति ने गन्ना समिति सचिव आर के पाठक और समिति स्टाफ के साथ बैठक कर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की जानकारी दी।
समिति सचिव ने समिति सभापति को बताया कि गन्ना समिति के माध्यम से बिलारी चीनी मिल द्वारा 164 करोड़ रुपये का गन्ना खरीदा गया है। मंगलवार तक बिलारी चीनी मिल ने 94 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान कर दिया है। उसके बाद भी चीनी मिल पर लगभग 70 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य बकाया रह गया है।
समिति सचिव ने यह भी बताया कि गन्ना एक्ट के अनुसार निर्धारित समय सीमा में गन्ना मूल्य का भुगतान न करने पर चीनी मिल को ब्याज के 59 लाख रुपये देने होंगे। समिति सचिव ने बैठक में यह भी जानकारी दी कि जिन कृषकों के घर शादी विवाह के कार्यक्रम हैं, जिन कृषकों को स्कूलों में अपने बच्चों की फीस देकर उनका दाखिला कराना है ऐसे कृषकों के गन्ना मूल्य भुगतान करने के लगभग 200 आवेदन समिति कार्यालय से संस्तुति कर चीनी मिल को भेजने के बाद भी उन्हें गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं मिल हो पाया है।
समिति सभापति की ओर से बिलारी चीनी मिल के अध्यासी को भेजे पत्र में बकाया गन्ना मूल्य भुगतान करने में देरी पर नाराजगी जताई गई है। गन्ना खरीद के 15 दिन के भीतर गन्ना मूल्य का भुगतान न करने पर निर्धारित ब्याज धनराशि का भी भुगतान करना होगा। उधर भाकियू टिकैत के बिलारी तहसील अध्यक्ष रनवीर सिंह यादव, भाकियू असली के तहसील अध्यक्ष चौधरी शिव सिंह आदि ने भी बिलारी चीनी मिल पर बकाया गन्ना मूल्य का शीघ्र भुगतान कराने की मांग दोहराई है।