मुरादाबाद। जिले की छह विधानसभा सीटों पर नामांकन पत्रों की जांच के बाद 67 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। सोमवार नामवापसी की प्रक्रिया के दौरान सोमवार शहर सीट से विकासशील इंसाफ पार्टी के प्रत्याशी राजकुमार कश्यप ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। जिसके बाद जिले की सभी छह सीटों पर अब 66 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। जिले की कांठ विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 15 और विधानसभा क्षेत्र बिलारी में सबसे कम सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया हुई। दोपहर तीन बजे से चुनाव मैदान में बचे सभी 66 प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया गया। नामवापसी के बाद जिले की सभी छह सीटों में मुरादाबाद शहर सीट पर दस, मुरादाबाद देहात सीट पर 13, कुंदरकी विधानसभा सीट पर 11, कांठ विधानसभा सीट पर 15, ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट पर दस तथा बिलारी विधानसभा सीट पर कुल सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।