खेल विभाग में संविदा पर नियुक्त प्रशिक्षकों का कार्यकाल जनवरी माह के अंत में खत्म हो गया था। फरवरी और मार्च माह बिना प्रशिक्षकों के ही बीत रहा है। नवीनीकरण के लिए प्रशिक्षकों का लखनऊ में ट्रायल होना है। इसमें उत्तीर्ण होने के बाद ही उन्हें तैनाती मिलेगी।
सोनकपुर स्टेडियम में करीब 13 खेल संचालित हैं, जिसमें जूडो और हाकी खेल में ही स्थाई प्रशिक्षक हैं। शेष सभी खेलों में प्रशिक्षकों की नियुक्ति दस माह के लिए होती है। गत वर्ष पहले वाले प्रशिक्षकों का ही नवीनीकरण कर दिया गया था, लेकिन इस वर्ष ट्रायल अनिवार्य हो गया है। क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि इस महीने के अंत तक प्रशिक्षक पद के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। बेहतर प्रशिक्षकों को जोड़ने के लिए ट्रायल होगा। इससे प्रशिक्षकों को अपने पसंद के स्थान पर भी जाने का मौका मिलने की संभावना रहेगी। कोई भी प्रशिक्षक किसी भी खेल में आवेदन कर सकता है। यदि एक पद एक से ज्यादा आवेदन होंगे तो अंकों के आधार पर चयन होगा। इसमें अंतर्राष्ट्रीय जैसे ओलंपिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ और वर्ल्डकप खेले हुए खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके अलावा एनआईएस व तीन राष्ट्रीय वाले खिलाड़ियों को भी मौका मिलेगा। इसका उद्देश्य खेलों में अच्छे परिणाम लाना है। ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिल सके। नए कैंप लाने का भी प्रयास किया जाएगा।