मीजल्स एवं रूबैला टीकाकरण अभियान सोमवार से शुरू हो गया। पीएमएस स्कूल में मंडल आयुक्त अनिल राज कुमार ने बच्चों को एमआर का टीका लगवा कर इस अभियान का शुभारंभ किया। पहले दिन 34413 बच्चों को मीजल्स एवं रूबैला का टीका लगवा गया। हालांकि, पहले दिन 58429 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य तय किया गया था।
लेकिन पीएमएस स्कूल में अभियान शुभारंभ के दौरान कमिश्नर अनिल राज कुमार ने कहा कि एमआर का टीका अति महत्वपूर्ण है। इस अभियान में नौ माह से लेकर पंद्रह वर्ष तक के सभी बच्चों को खसरा एवं रूबैला के टीका लगाए जाएंगे। इस अभियान में ए एनएम के साथ साथ आंगनबाड़ी और आशाओं व सरकारी एवं गैर सरकारी संगठनों को भी इस अभियान में जोड़ा गया है। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनीता अग्निहोत्री, एसीएमओ डा. दिनेश कुमार प्रेमी, डा. रणवीरसिंह, समेत अन्य डाक्टर भी मौजूद रहे।
इसके अलावा बोनी ऐनी स्कूल में दो दिवसीय टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। जिसमें कक्षा एक से लेकर दसवीं तक छात्र-छात्राओं को रूबैला और खसरा जैसी बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया। जिसमें 462 बच्चों का टीकाकरण किया गया। अंबिका प्रसाद इंटर कालेज में भी खसरा एवं रूबैला के टीका लगाया गया। जिसमें प्रधानाचार्य डा. मनोज कुमार के साथ ही शिक्षक मौजूद रहे और डाक्टरों की टीम ने टीकाकरण किया।