ठाकुरद्वारा। ठाकुरद्वारा जसपुर मार्ग पर स्थित आरा मशीन के चौकीदार की लकड़ी लदे ट्रक को बैक करते समय कुचलकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने चौकीदार की मौत को संदिग्ध बताते हुए हंगामा किया। बाद में पुलिस के समझाने बुझाने पर ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर और ट्रक को कब्जे मे लेकर शव को पीएम के लिए भेज दिया।
कोतवाली ठाकुरद्वारा के गांव फैजुल्लागंज निवासी विक्रम सिंह 65 जसपुर मार्ग पर गांव तरफदलपत के पास स्थित उत्तराखंड के नईम की आरा मशीन पर चौकीदार का कार्य करता था। शनिवार की रात को वह आरा मशीन पर ड्यूटी कर रहा था। तभी लकड़ी लदा ट्रक वहां आया। ट्रक को उसके चालक ने पीछे किया। तभी पीछे खड़ा विक्रम सिंह ट्रक की चपेट में आकर कुचल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रविवार को सुबह होने पर जब चौकीदार घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश की। तलाश करने पर चौकीदार का शव आरा मशीन पर पड़ा मिला। ट्रक मौके पर खड़ा हुआ था। जबकि उसका चालक फरार था। ग्रामीणों ने विक्रम सिंह की हत्या करने का आरोप लगाते हुए वहां हंगामा शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक ग्रामीण हंगामा करते रहे। सूचना पर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता की। ग्रामीणों का आरोप था कि विक्रम सिंह को जानबूझकर ट्रक से कुचल कर मारा गया है। इस पर कोतवाली प्रभारी ने उन्हें समझाया। कहा कि यह हत्या नहीं दुर्घटना है। कोतवाली प्रभारी के समझाने पर ग्रामीण शांत हो गए। जिस पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कर और ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पीएम के लिए भेज दिया। विक्रम सिंह की मौत से उसकी पत्नी गंगादेई का रोते बिलखते बुरा हाल था।