मुरादाबाद। मुरादाबाद पुलिस ने मंगलवार को अनोखी सफलता हासिल की। पुलिस ने 60 ऐसे मोबाइल बरामद किए जिनकी चोरी या झपटमारी की किसी थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। खास यह भी कि सभी मोबाइल एक्टिव होने पर ही ट्रेस हुए लेकिन किसी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हुई। बरामद मोबाइलों की कीमत दस लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी अपराध अशोक कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में मंगलवार सुबह प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि जनपद के अलग अलग थानाक्षेत्र में गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस करने के लिए पुलिस और सर्विलांस टीमें लगी थीं। टीमों ने कड़ी मेहनत करने के बाद 60 मोबाइल बरामद किए हैं। अधिकांश स्मार्ट फोन हैं। उन्होंने बताया कि मोबाइल स्वामियों को बुलाकर उन्हें मोबाइल सौंप दिए गए हैं। एसपी अपराध का दावा है कि ये मोबाइल चोरी या लूटे नहीं गए थे बल्कि मालिकों के पास से गुम हुए थे। जिनके एक्टिव होते ही उन्हें ट्रेस कर बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि 60 मोबाइलों की कीमत करीब दस लाख रुपये है। मोबाइल बरामद करने वाली सर्विलांस टीम में प्रभारी सर्विलांस सेल राजीव कुमार शर्मा, एसआई आशीष कुमार, हेड कांस्टेबल अजय कुमार, कपिल कुमार, प्रशांत कुमार और मनोज कुमार शामिल हैं।