मुरादाबाद। बेसिक के बाद माध्यमिक स्कूलों में शैक्षिक गुणवत्ता और छात्र एवं शिक्षकों की उपस्थिति चेक करने के लिए छापामारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी और उनकी टीम ने जिले के 54 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में छापामारी की। इनमें कई स्कूलों में प्रधानाचार्य समेत शिक्षक गायब मिले, जबकि कई स्कूलों में छात्र उपस्थिति शून्य मिली। जिला विद्यालय निरीक्षक ने अनुपस्थिति शिक्षकों का वेतन रोकने एवं छात्र उपस्थिति शून्य होने पर प्रधानाचार्यों के वेतन आहरण पर रोक लगा दी।
लाल बहादुर शास्त्री स्मारक इंटर कालेज सुल्तानपुर में निर्धारित समय पर प्रार्थना नहीं कराने पर प्रधानाचार्य की मई माह के वेतन पर रोक लगा दी। राम रतन इंटर कालेज बिलारी में कर्मचारी संजीव कुमार दोपहर साढ़े बारह बजे उपस्थिति हुए और उनका एक दिन के वेतन रोक दिया। शंकर सहाय कन्या इंटर कालेज बिलारी में कार्यरत अमित कुमार बिना किसी सूचना के अवकाश पर मिले। उनका भी एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। आरपी विद्या मंदिर इंटर कालेज स्योडारा में कार्यरत प्रधान लिपिक नीरज दूबे एवं सहायक लिपिक सुमित कुमार अनुपस्थिति मिले, दोनों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
जनता इंटर कालेज विलावाला में प्रधानाचार्य समेत पांच अध्यापक अनुपस्थिति मिले। पंजीकृत छात्रों की संख्या भी शून्य मिली। डीआईओएस ने प्रधानाचार्य का मई माह और शिक्षकों का एक दिन के वेतन आहरण पर रोक लगा दी। किसान शिक्षा निकेतन इंटर कालेज सहसपुरी में पंजीकृत छात्र संख्या शून्य मिलने पर प्रभारी प्रधानाचार्य का मई माह के वेतन आहरण पर रोक लगाई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जिन स्कूलों में छात्र उपस्थिति 50 फीसदी से कम मिली है उनको नोटिस जारी किए जा रहे हैं।