भदासना में हवाई अड्डे पर आगमन व प्रस्थान टर्मिनल बनाने का काम जल्द शुरू हो जाएगा। इसके लिए निर्माण एजेंसी को वर्क आर्डर जारी कर दिए गए हैं। भदासना से 21 अक्तूबर को लखनऊ के लिए पहली उड़ान प्रस्तावित है। अधिकारियों का मानना है कि इसमें कुछ देरी हो सकती है। जल्द इसके लिए नई तारीख घोषित हो सकती है।
भदासना हवाई पट्टी को तेजी से हवाई अड्डे की शक्ल दी जा रही है। हवाई अड्डे पर छोटी उड़ानों के जरूरी रनवे पहले से ही तैयार था। यहां जिन पुलिस कर्मियों की तैनाती की जानी है, उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है। बाउंड्री की मरम्मत, पार्किंग और टॉवर बनाने का काम होना था। एडीएम प्रशासन लक्ष्मीशंकर सिंह ने बताया कि निर्माण एजेंसी को वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है। आगमन और प्रस्थान टर्मिनल का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। हवाई अड्डे तक की सड़क की मरम्मत, पुलिस चौकी आदि का काम भी जल्द पूरा होगा। पहले चरण में भदासना से लखनऊ के लिए ही फ्लाइट मिलेंगी। इसके बाद भदासना से दिल्ली के लिए उड़ान शुरू होंगी। पूरा पंत नगर हवाई अड्डे के निदेशक की देखरेख में चल रहा है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि हवाई अड्डे पर कार्य तेजी से चल रहा है। 21 अक्तूबर को पहली उड़ान प्रस्तावित है, लेकिन इस तारीख को जरूरत के मुताबिक आगे भी बढ़ाया जा सकता है।