कांठ। क्षेत्रीय किसानों और भारतीय किसान यूनियन टिकैत द्वारा तहसील स्तर पर मृदा परीक्षण केंद्र स्थापित कराए जाने की लगातार उठाई जा रही मांग अब जल्द ही पूरी होने वाली है। तहसील प्रशासन ने इसके लिए 500 वर्ग मीटर भूमि चिह्नित कर उसका प्रस्ताव डीएम और कृषि विभाग को भेजा है।
कांठ में तहसील मुख्यालय पर सभी सुविधाएं होने के बाद भी यहां मृदा परीक्षण केंद्र स्थापित नहीं हो पाया है। किसानों के सामने अपने खेतों की मिट्टी की जांच कराने की समस्या है। उन्हें जिला मुख्यालय पर मिट्टी की जांच के लिए दौड़ना पड़ता है या फिर उन्हें बिना जांच कराए ही खेतों में फसलों की बोआई करनी पड़ती है। दो दिन पहले भी भाकियू पदाधिकारियों ने इस मांग को जोरदार ढंग से उठाते हुए इस समस्या को डीएम, एसडीएम और कृषि विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखा था। अमर उजाला में चार नवंबर के अंक में किसानों ने तहसील मुख्यालय पर मृदा परीक्षण केंद्र खुलवाने की उठाई मांग शीर्षक से प्रकाशित संवाद न्यूज एजेंसी की खबर के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया है। एसडीएम मयंक कुंडू के निर्देश पर राजस्व प्रशासन की टीम ने मृदा परीक्षण केंद्र के लिए भूमि की तलाश शुरू की। जिसके बाद टीम ने बुधवार को कांठ के गांव रसूलपुर गुर्जर में 500 वर्ग मीटर भूमि चिह्नित कर लिया।
मृदा परीक्षण केंद्र के लिए कांठ के गांव रसूलपुर गुर्जर में बिजली उपकेंद्र और पंचायत भवन के पास 500 वर्ग मीटर भूमि को चिह्नित कराया गया है। इसकी नाप खोज के बाद भूमि का प्रस्ताव डीएम सर और कृषि विभाग को भिजवाया गया है। ताकि किसानों की सहूलियत के लिए यहां मृदा परीक्षण केंद्र बन सके।- मयंक कुंडू, एसडीएम, कांठ
संगठन के द्वारा लंबे समय से मृदा परीक्षण केंद्र की मांग की जा रही है। यह संगठन के संघर्ष का ही परिणाम है कि मृदा परीक्षण केंद्र की स्थापना के लिए भूमि का चिह्नीकरण कर प्रस्ताव भिजवाया गया है। अब मृदा परीक्षण केंद्र जल्द-से-जल्द बन जाए, इसके लिए जोरदार ढंग से संगठन कार्य करेगा। ताकि किसानों को लाभ मिल सके। - चौधरी ऋषिपाल सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष पश्चिमी यूपी भाकियू टिकैत