गजरौला (अमरोहा)। क्रेडिट कार्ड बनवाने की जानकारी करने को किए गए फोन पर महिला ने भूलवश अपने खाते का बैलेंस और नंबर बता दिया। हालांकि आभास होने पर फोन भी काट दिया लेकिन तब तक खाते से 46 हजार रुपये उड़ाए जा चुके थे। थाने पहुंची पीड़िता ने इसकी शिकायत की तो पुलिस ने साइबर क्राइम का मामला बताते हुए अमरोहा जाने की सलाह दी।
शनिवार को थाने पहुंची मुमताज बानो निवासी लाल दरवाजा शिकारपुर जनपद बुलंदशहर ने वहां मौजूद एसएसआई प्रमोद कुमार पाठक को बताया कि वह सेटिंग क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड में जॉब करती है और नगर के मोहल्ला अतरपुरा में किराए के मकान में रहती है। मुमताज बानो के मुताबिक उन्होंने क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए बैंक में आवेदन किया था। शनिवार की सुबह दस बजकर 25 मिनट पर उनके नंबर पर किसी महिला का फोन आया। उधर से क्रेडिट कार्ड के संबंध में जानकारी की गई। उन्होंने कह दिया कि क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन तो किया है लेकिन अभी तक मिला नहीं। इस पर फोन करने वाली महिला ने उनसे उनके बचत खाते में उपलब्ध बैलेंस के संबंध में जानकारी ली। इसी दौरान बातों-बातों में उनसे खाता संख्या भी पूछ लिया। मुमताज बानो के मुताबिक संदेह होने पर उन्होंने फोन काट दिया। इसके तीन मिनट बाद ही 10 बजकर 28 मिनट पर उनके खाते से 46 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़िता ने अपनी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई।