मुरादाबाद। बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं उनकी टीम ने मंगलवार को कुंदरकी, मूंढ़ापांडे और बिलारी ब्लाक के स्कूलों में ताबड़तोड़ छापामारी की। 17 स्कूलों के औचक निरीक्षण में चार स्कूल बंद और 14 शिक्षक एवं शिक्षा मित्र गायब मिले। आठ शिक्षकों के छुट्टी के फर्जी आवेदन मिले। बीएसए ने दो सहायक अध्यापकों को तत्काल निलंबित करने के साथ गायब एवं फर्जीवाड़ा कर छुट्टी पर रहने वाले शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के साथ वार्षिक वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी। बीएसए की कार्यवाही से शिक्षकों में खलबली मची है।
बीएसए के नेतृत्व में विभागीय टीम ने सुबह सात बजे से स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। कुंदरकी ब्लाक का प्राथमिक स्कूल अहमद नगर जैतवाड़ा, उच्च प्राथमिक स्कूल उच्च प्राथमिक स्कूल गोविंदपुर कला, प्राथमिक विद्यालय दौलतपुर अजमतपुर, बिलारी ब्लाक का सिहासी नंदा स्कूल बंद और इनमें ताले लटके मिले। इन स्कूलों में कार्यरत शिक्षक अनीता सक्सेना, चंदन सिंह, महेंद्र, कंचन वर्मा, सुमित्रा पवार, नरेश कुमार, गजेंद्र, प्रीति चंदेला, अनवर हुसैन, मुनेंद्र यादव, अजीत सिंह, सलीम हुसैन, प्रवीण, शिक्षा मित्र राबिल हुसैन, दिलशाद हुसैन, गीता रानी, निशा रानी, वीरपाल, अनुदेशक सुमन रानी, मंजू रानी और चतुर्थ श्रेणी कर्मी मनोज कुमार को नोटिस जारी करते हुए वेतन आहरण पर रोक लगा दी।
छापे में अकबरपुर खास प्राथमिक स्कूल के सहायक अध्यापक संजीव कुमार, प्रावि पीपली चक्र की शिक्षा मित्र शहनवाज, प्रावि चतरपुर की प्रधानाध्यापिका ममता यादव, प्रावि घोंडा के सहायक अध्यापक गौरव, उप्रावि रोंडा के शिक्षक फिराजुद्दीन, प्रावि रोंडा की शिक्षिका ज्योति और प्रावि लाल टीकर के शिक्षक मो जावेद फर्जी आवेदन से अवकाश पर मिले। इन शिक्षकों का फर्जी प्रार्थना पत्र स्कूल में उपस्थित शिक्षकों ने खुद ही लिखा था। बीएसए ने फर्जी प्रार्थना पत्र लिखने और फर्जी तरीके से अवकाश पर रहने वाले शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने के साथ वार्षिक वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी। बीएसए ने बताया कि प्रावि दौलतपुर अजमतपुर स्कूल की छत पर गांव वालों ने कब्जा किया था। छत पर लकड़ियों का ढेर लगाया था। स्कूल बंद मिलने एवं छत पर लकड़ियों का ढेर मिलने सहायक अध्यापक अंशुल सुमन और प्रावि असलेमपुर ठाकुरद्वारा के प्रधानाध्यापक अजम कुमार शर्मा को ग्रामीणों की शिकायत पर निलंबित कर दिया।