मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल के बरेली और सीबी गंज के बीच शनिवार को एक फाटक के बूम का तार टूट गया। जिससे फाटक बंद नहीं हुआ तो ट्रेनों के पहिये थम गए। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और फाटक ठीक करने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू कराया।
बरेली और सीबी गंज के बीच स्थित गेट संख्या 359 बी के गेट मैन ने रेलवे कंट्रोल रूम में सूचना दी कि सुबह नौ बजकर बीस मिनट पर बूम का तार टूट गया है। जिससे फाटक बंद नहीं हो पा रहा। इसके बाद ट्रेनों का संचालन बंद करा दिया गया। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और फाटक की मरम्मत शुरू कर दी। फाटक खुला होने की वजह से मुजफ्फरपुर आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस, किशन गंज से अजमेर जाने वाली गरीब नवाज एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस, मालदा टाउन से आनंद विहार जाने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़ से लालगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस रोक दी गई। जिससे यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ीं। पौने ग्यारह बजे फाटक ठीक करने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।