मुरादाबाद। कोरोना के खिलाफ जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही कवायद का असर दिखने लगा है। जनपद में सक्रिय केसों की संख्या चार हजार से कम हो गई है। मंगलवार को मिले नए केसों से दोगुने मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए।
मंगलवार को 141 नए कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए, जबकि चार संक्रमितों का निधन हो गया। मंगलवार को नए मिले 141 केसों में एंटीजन के माध्यम से 18 और ट्रू नेट के माध्यम से नौ व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। मंगलवार को छजलैट ब्लॉक में नौ, बिलारी ब्लॉक में चार, डिलारी में 13, भगतपुर टांडा में तीन, कुंदरकी में छह और ठाकुरद्वारा में नौ व्यक्तियों में कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं, सिविल लाइन निवासी 61 वर्षीय महिला को कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद 26 अप्रैल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उनका निधन हो गया। छजलैट निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति की 12 मई को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। उन्होंने भी मंगलवार को दम तोड़ दिया। पाकबड़ा निवासी 61 वर्षीय व्यक्ति सहित एक अन्य महिला की कोरोना संक्रमण की वजह से मौत हो गई।
कोरोना संक्रमण के नियंत्रण के लिए निगरानी समितियों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वे करवाया जा रहा है। इसके माध्यम से अब तक साढ़े पांच हजार व्यक्तियों में संक्रमण के लक्षण मिले हैं। उन्हें दवाई आदि दिलवाई गई है। अब नए केसों की संख्या में गिरावट आ रही है। अच्छी बात यह है कि नए केसों के मुकाबले ठीक होने वाले व्यक्तियों की संख्या ज्यादा है।
- डॉ दिनेश कुमार प्रेमी, जिला सर्विलांस अधिकारी।