मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए युवाओं में टीका लगवाने के लिए उत्साह बरकरार है। मंगलवार को भी जिला अस्पताल और मनोरंजन सदन में बड़ी संख्या में युवा टीका लगवाने के लिए पहुंचे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी का कहना है कि सभी सत्रों में टीका लगाया जा रहा है। इस अभियान में युवाओं का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
मंगलवार को 35 केंद्रों पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। जिला अस्पताल में सुबह से ही युवाओं की लाइन लगी हुई थी। यहां पर टीका लगवाने के लिए 350 युवाओं ने पंजीकरण करवाया था, जिसमें से 310 युवाओं ने दिन भर में टीका लगवाया। वही मनोरंजन सदन में भी 230 युवाओं ने टीका लगवाया है। जबकि 45 वर्ष से अधिक के 90 व्यक्तियों ने टाउन हॉल अस्पताल में टीका लगवाया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि मंगलवार को 18 वर्ष से अधिक के 4744 और 45 वर्ष से अधिक के 1424 व्यक्तियों ने कोरोना संक्रमण से बचने के लिए टीका लगवाया है।