फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: 3.84 लाख मतदाता लिखेंगे 12 प्रत्याशियों का भाग्य

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा सीट पर मतदान कराने के लिए मंगलवार शाम को मंडी समिति से कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना हुईं 436 पोलिंग पार्टियां देर रात तक बूथों पर पहुंच गईं। क्षेत्र के 3,84,673 मतदाता बुधवार को 12 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। निष्पक्ष मतदान कराने के लिए कस्बे से लेकर गांवों तक सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन

मंडी समिति के हॉल और परिसर में बूथवार पीठासीन अधिकारी और सेक्टर मजिस्ट्रेट ईवीएम, वीवीपैट के बस्तों को लेकर बूथों के लिए रवाना हुए। मंडी में पोलिंग पार्टियों को भेजने के लिए बसों और छोटे वाहन पहले से मौजूद थे। बुधवार को सुबह सात बजे से शाम पांच तक मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज सिंह ने मतदान के लिए 20 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दौरान सभी सार्वजनिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
मतदान के दाैरान 121 माइक्रो आब्जर्वर गड़बड़ी पर निगरानी रखेंगे। क्षेत्र में चार जोनल और 34 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई है। मतदान कराने के लिए प्रत्येक बूथ पर पीठासीन अधिकारी के साथ तीन अन्य कर्मचारी तैनात किए गए हैं। कुंदरकी में कुल 1,744 कर्मचारी मतदान कराएंगे। किसी कर्मचारी की तबीयत खराब होने पर रिजर्व में तैनात कर्मचारी उस पर स्थान पर भेजे जाएंगे। ईवीएम खराब होने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ईवीएम उपलब्ध कराएंगे। विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,84,673 मतदाता हैं, जिसमें 2,08,524 पुरुष और 1,76,136 महिला मतदाता हैं।
विज्ञापन


183 वाहनों से भेजे गए मतदानकर्मी
मंडी परिसर से पीठासीन अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी 183 वाहनों से भेजे गए। कर्मचारियों को बूथ तक पहुंचाने के लिए बस सहित 109 बड़े वाहन और 74 छोटे वाहनों को अधिगृहीत किए गए थे। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान डीएम अनुज सिंह, एसएसपी सतपाल अंतिल सहित जिले के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
-

मतगणना के दिन बंद रहेंगी शराब की दुकानें
डीएम अनुज सिंह ने बताया कि कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को शराब के ठेके मतदान समाप्ति तक बंद रहेंगे। नए आदेश के तहत व्यक्तिगत रूप से घर में रखी गई शराब को भी प्रतिबंधित किया गया है। मतदेय स्थल के आठ किमी परिक्षेत्र के ठेके खुलने पर कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार मतगणना के दिन 23 नवंबर को मतगणना स्थल मंडी समिति के आठ किमी परिक्षेत्र में भी शराब की दुकानें बंद रहेंगी।

-
वोटर आईडी न होने पर भी कर सकेंगे मतदान
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि यदि किसी मतदाता के पास वोटर आईडी नहीं है तो भी वह मतदान कर सकता है। डीएम के अनुसार वोटर आईडी न होने पर आधार कार्ड, मनरेगा जाॅब कार्ड, बैंकों या डाकघरों की तरफ से जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, डीएल, पैनकार्ड, एनपीआर के तहत आरजीआई द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र या राज्य सरकार, लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचानपत्र, सांसदों या विधायकों, एमएलसी द्वारा जारी सरकारी पहचानपत्र, यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के दस्तावेजों में कोई कोई एक प्रस्तुत कर मतदाता मतदान कर सकते हैं।



आज भी बंद रहेगी मंडी
एडीएम प्रशासन एवं जिला उप निर्वाचन अधिकारी गुलाब चंद ने बताया कि कुंदरकी उपचुनाव को देखते हुए बुधवार को भी मंडी बंद रहेगी। मतदान के बाद बुधवार को पोलिंग पार्टियां ईवीएम के साथ आएंगी। मंडी में देर रात ईवीएम और वीवीपैट कर्मचारी जमा करेंगे। इस दौरान मंडी में काफी भीड़ रहेगी। मंगलवार को भी पोलिंग पार्टियों की रवानगी के कारण मंडी बंद रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें