मुरादाबाद। राष्ट्रीय लोक अदालत में शनिवार को आपसी सहमति के आधार पर मुकदमों को निस्तारण किया गया। लोक अदालत के माध्यम से 36652 मुकदमों का निस्तारण करके 2036480 रुपये अर्थदंड के रूप में वसूल किए गए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नीतिवान निगम ने बताया कि जनपद न्यायाधीश डॉक्टर अजय कुमार के दिशा निर्देशन में जिला मुख्यालय एवं वाह्य न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की गई। जिसमें फौजदारी, दीवानी, एक्सीडेंट क्लेम, चकबंदी, बैंक समेत अन्य मामले सुलह समझौते तथा जुर्माने के आधार पर समाप्त किए गए। आपराधिक शमनीय प्रकृति के 4659, मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर के, पारिवारिक प्रकृति के 29 वाद, इसके अतिरिक्त बैंक संबंधी व बीएसएनएल के 668 मामले प्रिलिटिगेशन स्तर पर निस्तारित कर 55657183 रुपये की वसूली की गई। मोटर वाहन ई चालान के 1657 मामलों का निस्तारण कर 1531700 रुपये अर्थदंड के रूप में वसूल किए गए। वहीं पीड़ित व्यक्तियों को 36120000 रुपये क्षतिपूर्ति के रूप में दिलाए जाने के आदेश पारित किए गए हैं। नगर निगम के 9444 वाद भी राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नीतिवान निगम ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 14 मई को आयोजित की जाएगी। संवाद