मुरादाबाद। धामपुर निवासी 35 वर्षीय युवक की आंख में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. भगत राम राणा ने बताया कि एमआरआई और ईएनटी चिकित्सक की जांच के बाद युवक की आंख ब्लैक फंगस से प्रभावित मिली है। उपचार शुरू कर दिया गया है। उनके पास तीन मामलों में से दो को रेफर किया गया है। जबकि इस युवक का उपचार उन्हीं की देखरेख में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि युवक किसान है और अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में कोरोना संक्रमित हुआ था। करीब 30 अप्रैल से युवक की आंख लाल होने लगी थी और उसमें पानी आ रहा था। हल्का-हल्का आंख में दर्द भी हो रहा था। युवक ने इन लक्षणों पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया और 4 मई से आंख की रोशनी कम होने लगी।
इसके बाद आंख का घूमना कम हो गया और 10 मई से युवक को उस आंख से कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा है। बताया जाता है कि युवक कोरोना संक्रमण के दौरान होम आइसोलेट रहा है और उसका शुगर स्तर 377 है। उन्होंने बताया कि ब्लैक फंगस ने आंख के ऑप्टिक नर्व को दबा दिया है। आंख के पीछे पस पड़ गया है। अब मंगलवार को पस निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को बुध बाजार निवासी एक युवक की आंख में भी ब्लैक फंगस के लक्षण मिले हैं। उन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है।