मुरादाबाद। भले ही पिछले दस सालों से मुरादाबाद मंडल में पशुओं में गला घोंटू रोग का कोई मामला नहीं पाया गया है लेकिन रोग के पूर्ण उन्मूलन की दिशा में शासन के निर्देश पर पशुओं का टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। जिसके लिए 21 टीमों का गठन किया गया है, जो पशुपालकों के घरों तक पहुंचकर उनके पालतू पशुओं का निशुल्क टीकाकरण करेंगी।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील दत्त प्रजापति ने बताया कि जिले की सभी 30 गोशालाओं में करीब आठ हजार गोवंश हैं, जिनका गला घोंटू टीकाकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब जिले में पशु चिकित्सकों, विशेषज्ञों की 21 टीमें गांवों की ओर रवाना हुई है। जिलेभर में करीब 3.50 लाख पालतू पशु हैं, जिसमें गाय व भैंस दोनों ही शामिल है। यह टीमें प्रत्येक पशु का निशुल्क टीकाकरण करेंगी।
पशु पालकों से भी आह्वान किया गया कि वह अपने सभी पशुओं का गला घोंटू बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण अवश्य कराएं, यह लंबे समय से हर साल लगाया जाता है, इसका पशु के स्वास्थ्य पर कोई विपरीत प्रभाव नहीं पड़ता है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि कई साल पहले यह बीमारी पशुओं में आई थी, जो अब पूर्ण उन्मूलन की ओर पहुंच चुकी है, पिछले करीब दस सालों से भी अधिक समय से मुरादाबाद मंडल में किसी पशु में गला घोंटू रोग का कोई केस नहीं देखा गया है। फिर भी पूर्ण उन्मूलन तक एहतियात के तौर पर हर साल टीकाकरण कराया जाना आवश्यक है। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से यह टीका पूरी तरह निशुल्क लगाया जाता है।