मुरादाबाद। एसएस इंटर कालेज में सोमवार को 64वीं प्रादेशिक माध्यमिक विद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन रोमांचक मैच खेले गए। प्रतियोगिता में 14 मंडल के 266 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। अतिथियों ने आसमान में गुब्बारे उड़ाए और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रतियोगिता का समापन 15 नवंबर को होगा।
मुख्य अतिथि मेयर विनोद अग्रवाल ने कहा कि खिलाड़ियों को हमेशा खेल भावना का प्रदर्शन करना चाहिए। खिलाड़ियों में अंतर्राष्ट्रीय फलक पर चमकने की प्रतिभा है। विशिष्ट अतिथि राज्य बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. विशेष गुप्ता ने कहा कि व्यक्तिगत के बजाय सामूहिक प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए। इससे व्यक्ति और समाज का विकास होता है। हार के बाद जीतने के लिए और कड़ी मेहनत करनी चाहिए। शुभारंभ 46 किग्रा भार वर्ग में गोरखपुर मंडल के यश तिवारी ने फैजाबाद के रितिक तिवारी को शिकस्त दी। 48 किग्रा वर्ग में मेरठ मंडल के रवि कश्यप ने मुरादाबाद के मनीष सैनी को पराजित किया। 46 किग्रा वर्ग में मेरठ के जावेद ने प्रयागराज के अमर सिंह को हराया। 49 किग्रा वर्ग में आगरा के गोपाल शर्मा ने फैजाबाद के ओमकार शर्मा के खिलाफ जीत हासिल की। 56 किग्रा वर्ग में वाराणसी के विष्णु प्रकाश पटेल ने बरेली के जहांगीर खान को पराजित किया। 56 किग्रा के दूसरे मुकाबले में मेरठ के आजम उल हक प्रयागराज के सौरभ कश्यप से हार गए। 56 किग्रा वर्ग के तीसरे मुकाबले में झांसी के मुस्तफा को सहारनपुर के वंश कुमार से शिकस्त मिली। इस दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी, उप मंडलीय शिक्षा निदेशक ज्योति प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय मिथलेश कुमार, प्रधानाचार्य डॉ. वीएस यादव, हिमांशु यादव, बंश बहादुर, एसके क्षेत्री आदि मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के तहत आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कालेज के विद्यार्थियों ने बाल श्रम एक अभिशाप की थीम पर मार्मिक नृत्य प्रस्तुति दी। प्रभा देवी कन्या इंटर कालेज, मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कालेज की छात्राओं ने प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति के दर्शन कराए।
मुरादाबाद के खिलाड़ी भी भर रहे दम
प्रतियोगिता में मुरादाबाद मंडल के करीब 23 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। जूनियर वर्ग में चक्कर की मिलक निवासी अंकुर कश्यप 48 किग्रा वर्ग में प्रतिभाग कर रहे हैं। उनके पिता रामअवतार चालक हैं। वह पिछले चार वर्ष से बॉक्सिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में पहली बार प्रतिभाग कर रहे हैं। उनका सपना प्रतियोगिता में सोना जीतना है। सब जूनियर वर्ग में 38 किग्रा वर्ग में प्रतिभाग कर रहे अर्जुन के पिता राजपाल सिंह कोतवाली में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि वह बनारस और इलाहाबाद स्टेट प्रतियोगिता खेल चुके हैं। उनका सपना अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी बनना है। इसके लिए वह स्टेडियम में प्रतिदिन तीन बजे से छह बजे तक अभ्यास करते हैं।