मुरादाबाद। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन रविवार को किया जाएगा। दो पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए 31 हजार पांच सौ अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। जिला समन्वयक का कहना है कि नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सीबीएसई की ओर से पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।
मुरादाबाद में परीक्षा के लिए 66 केंद्र बनाए गए हैं। पहली पाली सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम साढ़े चार बजे तक होगी। परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को सुबह साढ़े सात बजे से साढ़े नौ बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित हो सकते हैं। गांधी नगर पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य और जिला समन्वयक शशि शर्मा का कहना है कि 31 हजार पांच सौ अभ्यर्थियों की परीक्षा की निगरानी के लिए 81 पर्यवेक्षक आए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। अभ्यर्थी को परिचय पत्र, पेन, पानी की बोतल, सैनिटाइजर की शीशी (यह वस्तुएं पारदर्शी होनी चाहिए) और मास्क पहनना अनिवार्य है। शनिवार को हुई बैठक में सभी केंद्र व्यवस्थापकों और पर्यवेक्षकों को परीक्षा के आयोजन के संबंध में तय मानकों और शर्तों से अवगत करा दिया गया है।