मुरादाबाद। हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे समपार फाटकों को धीरे-धीरे बंद कर रहा है। इनके स्थानों पर ओवरब्रिज या अंडरपास बनाए जा रहे हैं। इस बार के बजट में भी 27 स्थानों पर अंडरपास बनाने के लिए धनराशि की व्यवस्था की गई है। इसमें सबसे ज्यादा आठ अंडरपास मुरादाबाद-गाजियाबाद और मुरादाबाद-सहारनपुर सेक्शन में हैं। साथ ही विभिन्न स्थानों पर रेलवे बाउंड्री वॉल भी बनाएगा।
इस बार बजट में संरक्षा कार्यों पर ज्यादा जोर दिया गया है। मुरादाबाद रेल मंडल में बिना चौकीदार वाले 119 फाटक हैं। इन सभी फाटकों पर चौकीदार तैनात करने के लिए बजट जारी किया गया है। कम आवागमन वाले 13 समपार फाटकों को समीपवर्ती फाटकों में विलय करने के लिए धनराशि जारी की गई है। सिग्नल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग पर भी ध्यान दिया जा रहा है। गजरौला-मुज्जमपुर नारायन, सीतापुर-बालामऊ-उन्नाव, नजीबाबाद-कोटद्वार, मुरादाबाद-चंदौसी और मुरादाबाद-रामपुर के बीच समपार फाटकों पर इंटरलॉकिंग की जाएगी।
सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि बिना चौकीदार वाले फाटकों पर दुर्घटना का खतरा ज्यादा रहता है, ऐसे में चौकीदार की तैनाती सुरक्षा की दृष्टि से बेहतर कदम है। इसके अलावा अंडरपास और ओवरब्रिज बनने से लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी।