कांठ। बृहस्पतिवार को विकास खंड छजलैट के गांव डहरा में पशु चिकित्सा विभाग की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जिसमें पशुओं का इलाज करते हुए पशुपालकों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
मेले की शुरूआत ग्राम प्रधान डेहरा रवि कुमार ने फीता काटकर की। यहां विधिविधान से गाय का पूजन करते हुए गुड़, चना आदि खिलाया गया। पशु चिकित्साधिकारी छजलैट/मेला प्रभारी डॉ. आदित्य गोयल ने पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों, उनके रोकथाम और उपचार के बारे में किसानों को जानकारी दी।
पशुधन प्रसार अधिकारी संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि वर्गीकृत सीमन के उपयोग से केवल बछिया ही उत्पन्न होती है, उन्होंने इस योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान मेले में 264 पशुओं का पंजीकरण कर पशु चिकित्सा, बधियाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, बांझपन चिकित्सा, गर्भ परीक्षण किया गया।
मेला प्रभारी डॉ. आदित्य गोयल ने सभी का आभार व्यक्त किया। मेले में पशुधन प्रसार अधिकारी आलोक कुमार, त्रिवेदी कुमार, जयप्रकाश सिंह, महेश कुमार, धर्मपाल सिंह, केशव कुमार, भुवनेश कुमार, सुनील कुमार, प्रदीप कुमार आदि रहे।