कांठ। नगर क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति करने वाले 33/11केवी के बिजली उपकेंद्र पर 22 किलोमीटर दूर अगवानपुर से आ रहे 33 केवी की मुख्य बड़ी लाइन पर पेड़ों की टहनियों की कटाई, छंटाई के कारण बृहस्पतिवार को पूरा दिन कांठ नगर की बिजली आपूर्ति बंद रही।
बिजली निगम ने सुबह दस से दोपहर एक बजे तक पेड़ों की कटाई-छंटाई के लिए आपूर्ति बंद रखने की बात कही थी, लेकिन बिजली को शाम पांच बजे यानि सात घंटे तक बंद रखा गया। जिस कारण नगर क्षेत्र में टाउन, तहसील और कृषि फीडरों से जुड़े करीब 7000 उपभोक्ताओं को इस त्योहारी में बिना बिजली भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लाइन के दुरूस्त होने के बाद बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे नगर की आपूर्ति सुचारू हो पाई। उपभोक्ताओं का कहना है कि निगम ने तीन घंटे बिजली आपूर्ति बंद रखने की बात कहते हुए सात घंटे आपूर्ति को बंद रखा, यह सरासर वायदा खिलाफी है।
तहसील क्षेत्र के गांव रसूलपुर गुर्जर स्थित 33/11 केवी के बिजली उपकेंद्र को आ रही मुख्य बड़ी 33 केवी की बिजली लाइन पर बृहस्पतिवार को पेड़ों की कटाई-छंटाई के कारण सुबह दस से दोपहर एक बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। बृहस्पतिवार को एसडीओ बिजली निगम कांठ सचिन रस्तोगी ने बताया कि लाइनों का अच्छी तरह से संचालन कराए जाने के लिए पेड़ों की कटाई-छंटाई के कार्य को कराया जा रहा है। संवाद