डॉक्टर भी नहीं करते क्रॉस चेक, लिख देते हैं दवा
जिला अस्पताल में डॉक्टर भी स्टाफ की लिखी रीडिंग पर भरोसा करके मरीज के पर्चे पर दवा लिख देते हैं। मरीज के बीपी को खुद क्रास चेक नहीं करते। इसके कारण स्टाफ द्वारा लापरवाही के मामले बढ़ते जा रहे हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों का कहना है कि लगातार बीपी की दवा बिना वजह खाने से दिल की धड़कन धीमी हो सकती है। बीपी ज्यादा कम होने पर आईवी फ्लूड चढ़ाना पड़ सकता है। मरीजों में दवा का दुष्प्रभाव उसके प्रकार पर निर्भर करेगा, जितने लंबे समय बिना वजह दवा खाई, उतनी ही परेशानी बढ़ जाएगी।
बिना स्टेथोस्कोप के पारे वाली मशीन से नहीं हो सकती जांच
बिना स्टेथाेस्कोप का प्रयोग करे पारे वाली मशीन से बीपी की जांच करना संभव नहीं है। यदि स्टाफ किसी मरीज का बीपी पर्चे पर बढ़ा हुआ लिखते हैं तो डॉक्टर को एक बार क्रॉस चेक जरूर करना चाहिए। बीपी की दवा बिना वजह लगातार खाने से दिल पर बुरा असर पड़ सकता है। - डॉ. विजय अग्रवाल, वरिष्ठ फिजीशियन
बिना वजह दवा खाने से बीपी बहुत अधिक गिर सकता है। मरीज को आईवी फ्लूड चढ़ाना पड़ सकता है। दिल की धड़कन धीमी हो सकती है। चक्कर, बेहोशी महसूस हो सकती है। आज के दौर में भी पारे वाली मशीन पर ही हम भरोसा करते हैं, बशर्ते स्टेथाेस्कोप का प्रयोग कर सही रीडिंग ली गई हो। - डॉ. मोनिस जलील, फिजीशियन
स्टाफ की लापरवाही का मामला संज्ञान में आया है। मॉनिटरिंग कक्ष में तैनात स्टाफ सीएमओ के अधीन है। पत्र लिखकर शिकायत की जा चुकी है। जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टरों को भी निर्देश दिए जाएंगे कि मरीजों का बीपी एक बार क्रॉस चेक जरूर करें। - डॉ. संगीता गुप्ता, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक