मुरादाबाद। सीबीएसई 12वीं का परिणाम गुरुवार को अचानक जारी होने से स्कूलों से लेकर विद्यार्थी उलझे रहे। परिणाम जारी होते ही वेबसाइट लड़खड़ा गई। जिससे बच्चों को रिजल्ट देखने में जद्दोजहद झेलनी पड़ी। स्कूल देर शाम तक अपने-अपने विद्यार्थियों का रिजल्ट कंपाइल करते रहे। इसमें स्कूल प्रबंधन को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
सीबीएसई 12वीं की 15 फरवरी से परीक्षाएं शुरू होकर तीन अप्रैल को खत्म हुई थी। कापियों के मूल्यांकन के बाद सात से 13 मई के बीच परीक्षा परिणाम घोषित होने की संभावना जताई जा रही थी। बोर्ड की तरफ से तिथि घोषित नहीं की गई थी। परिणाम तिथि को लेकर स्कूल और बच्चे भी बेखबर थे। परीक्षा के बाद कई बच्चे छुट्टियां मनाने आउट आफ स्टेशन गए हैं। गुरुवार को अचानक दोपहर बारह बजे बोर्ड ने 12वीं के रिजल्ट की घोषणा कर दी। स्कूलों और बच्चों को दूर बोर्ड के कोआर्डिनेटर तक को जानकारी नहीं थी।
दोपहर करीब एक बजे बोर्ड की वेबसाइट पर परीक्षाफल जारी हो गया। इससे वेबसाइट का सर्वर लड़खड़ा गया और परीक्षाफल देखने के लिए स्कूलों से लेकर बच्चों को जूझना पड़ा। अचानक परीक्षाफल जारी होने से कई बच्चे स्कूलों तक भी नहीं पहुंच पाए। बोर्ड ने कुछ बदलाव किए हैं। जिसके चलते स्कूलों को देर शाम तक रिजल्ट कंपाइल करने के लिए जूझना पड़ा। बोर्ड के जिला समन्वयक जिले के टॉपरों की सूची तक जारी नहीं कर पाए। रीजनल आफिस देहरादून से जिले की मेरिट जारी की।