पांच दिन से जारी है आंदोलन, रोज प्रभावित हो रहीं ट्रेनें
शंभू स्टेशन पर किसानों का आंदोलन पांच दिन से जारी है। इसके कारण ट्रेनें लगातार प्रभावित हो रही हैं। शनिवार को भी 11 ट्रेनों का मार्ग बदला गया था। सबसे ज्यादा परेशानी अमृतसर जाने वाले यात्रियों को उठानी पड़ रही है।
पंजाब जाने वाले यात्री अंबाला स्टेशन पर उतरकर वहां से सड़क मार्ग का सहारा ले रहे हैं। इसके अलावा कई ने टिकट ही रद्द करा दिए हैं। आने वाले दिनों में ट्रेनों की स्थिति को लेकर रेलवे ने कोई स्पष्ट बयान जारी नहीं किया है।
फसलों की कटाई के लिए ट्रेनों में मजदूरों का आवागमन बढ़ा
इन दिनों दिल्ली से बिहार व बिहार, उत्तर प्रदेश से पंजाब के बीच चलने वाली ट्रेनों में बेतहाशा भीड़ देखी जा सकती है। इसका कारण है कि गेंहू की फसल की कटाई लगातार चल रही है। ऐसे में श्रमिक खेतों में काम करने के लिए पंजाब जा रहे हैं।
वहीं नवरात्र व उसके बाद से माता वैष्णो देवी की यात्रा करने वाले श्रद्धालु जम्मू पहुंच रहे हैं। हालांकि रेलवे ने श्रमिकों व अन्य यात्रियों के लिए लगभग 50 स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं।
कई ट्रेनों को बदले मार्ग से चलाया जा रहा है। कुछ ट्रेनें अल्प दूरी के लिए चलाई जा रही हैं। यात्रियों को सफर जरूर प्रभावित हुआ है लेकिन रेलवे का प्रयास है कि वैकल्पिक मार्ग से उन्हें मंजिल तक पहुंचा दिया जाए। - आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम
मुजफ्फरपुर से दिल्ली के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
मुजफ्फरपुर से आनंद विहार के लिए रेलवे 22 अप्रैल को स्पेशल ट्रेन चलाएगा। इस ट्रेन में सभी कोच अनारक्षित होंगे। यात्री जनरल टिकट लेकर इसमें सफर कर सकते हैं। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि (04049) मुजफ्फरपुर-आनंद विहार स्पेशल एक्स. 22 को मुजफ्फरपुर से शाम 5 बजे रवाना होगी।
बनमंखी, बेतिहा, नरकटियागंज, कप्तानगंज, गोरखपुर, गोंडा, बाराबंकी, लखनऊ होते हुए सुबह 8:30 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी। 10 मिनट रुकने के बाद रवाना होगी। दोपहर एक बजे आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर पहुंच जाएगी। ट्रेन सिर्फ एक फेरा लगाएगी।