मुरादाबाद। सेना में जाने का सपना पूरा करने के लिए युवाओं में एनसीसी ज्वाइन करने को लेकर होड़ लगी है। बुधवार को हिंदू कॉलेज में 24 यूपी बटालियन एनसीसी यूनिट में कैडेट्स की भर्ती प्रक्रिया में 74 पदों के सापेक्ष 192 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। एनसीसी अधिकारी का कहना है कि मेरिट के बाद चयनित विद्यार्थियों की सूची जारी की जाएगी।
कैडेट्स की भर्ती में शामिल होने के लिए सुबह से कॉलेज में विद्यार्थी एकत्र हो गए। कॉलेज के एनसीसी अधिकारी के अलावा बटालियन से आए अधिकारी ने विद्यार्थियों की शारीरिक दक्षता, नाप-तोल करने के अलावा लिखित परीक्षा और साक्षात्कार लिया।
कॉलेज के एनसीसी अधिकारी कैप्टन (डॉ.) राजीव चौहान ने बताया कि गत वर्ष 125 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया था, जबकि इस बार 192 विद्यार्थी शामिल हुए हैं। भर्ती में कुल सीटों के सापेक्ष 33 फीसदी सीटों पर गर्ल्स कैडेट का चयन किया गया।
सूबेदार मेजर प्रदीप भट्ट ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। प्राचार्य प्रो. एसएस रावत ने भर्ती में शामिल सभी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
सूबेदार मेजर प्रदीप भट्ट, सूबेदार विकास गुरुंग, हवलदार अजीत सिंह, हवलदार पान सिंह, हवलदार रंजीत सिंह, हवलदार रंजीत कुमार, जीसीआई प्रीति की देखरेख में प्रवेश प्रक्रिया की गई। इस दौरान सीनियर कैडेट सुरेंद्र सिंह राणा, कैडेट उत्कर्ष शर्मा, रुद्र प्रताप सिंह, हर्षित गौर और रितिक चौहान ने सहयोग किया।
यह बोले विद्यार्थी...
-एसएससी के अलावा एसआई पद के लिए आवेदन करना है। इसकी तैयारी कर रही हूं। एनसीसी में इसलिए आना चाहती हूं ताकि तैयारी आसान हो जाए। -सिद्धी, छात्रा
-परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया है। मुरादाबाद में भी मेरा घर है। मैं एसएससी सीजीएल की तैयारी भी कर रही हूं, इसलिए एनसीसी ज्वाइन करना चाहती हूं। -स्वाति, छात्रा
मेरा सेना में जाने का सपना है। 12वीं में मुझे एनसीसी लेने का मौका नहीं मिल पाया था। इसलिए अब मैं एनसीसी ज्वाइन कर आगे की तैयारी करना चाहता हूं। -अंकित कुमार, छात्र
मैं सेना में जाने के लिए लिखित परीक्षा की तैयारी कर रहा हूं। एनसीसी से जुड़कर शारीरिक परीक्षा की तैयारी करनी है। एनसीसी प्रमाणपत्र से चयन में आसानी होती है। -जीशांत, छात्र