उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की नकल विहीन और पारदर्शी तरीके से बोर्ड परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए गाइड लाइन जारी हो गई है। शासन ने सीटीई प्रयागराज के प्राचार्य को मंडल पर्यवेक्षक नामित करने के साथ नकल रोकने के लिए गठित होने वाले सचल दलों में महिला कर्मियों की तैनाती अनिवार्यता कर दी है। यानी अब हर सचल दल में महिला कर्मियों की अनिवार्यता होगी।
बोर्ड परीक्षाओं की युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। जिले में 125 परीक्षा सेंटरों निर्धारण हैं। परीक्षा सेंटरों के प्रत्येक कक्ष में दो सीसी कैमरों से लेकर वायस रिकार्डिंग समेत बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण हो चुका है।
उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण के साथ शासन ने परीक्षा की निगरानी के लिए प्रयागराज सीटीई के प्राचार्य शील वर्मा को मंडल पर्यवेक्षक नामित किया है। पर्यवेक्षक परीक्षाएं शुरू होने से पहले तैयारियों की समीक्षा करेंगे। महत्वपूर्ण परीक्षा के दिन स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण आख्या शिक्षा निदेशक से लेकर शिक्षा परिषद सचिव को देंगे। पर्यवेक्षक की निगरानी में ही सचल दस्ते गठित होंगे। अपर सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने औचक निरीक्षण के गठित सचल दस्तों में महिला कर्मियों की अनिवार्यता तैनाती के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में पुरुष कर्मियों द्वारा छात्राओं की तलाशी नहीं ली जाएगी। दल में शामिल महिला कर्मी छात्राओं की तलाशी लेंगी।