इंडियन प्रीमियर लीग का नाम सुनते ही खिलाड़ी क्रिकेट की खुमारी में डूब जाते हैं। आईपीएल के 12वें सीजन की शुरुआत 23 मार्च से हो रही है। खास बात यह है कि इस बार भी प्रतियोगिता भारत में ही खेली जाएगी। 15 दिन की प्रतियोगिता की शुरुआत की घोषणा होते ही खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है, लेकिन प्रतियोगिता के समय ही परीक्षा होने की वजह से उन्हें चिंता भी है।
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की जारी संभावित स्कीम के अनुसार स्नातक की वार्षिक परीक्षाएं एक मार्च से शुरू हो रही है, जो 25 अप्रैल तक चलेंगी। परास्नातक की परीक्षा 12 मार्च से पांच अप्रैल तक होंगी। संभावित स्कीम में 23 मार्च को कोई परीक्षा नहीं है, लेकिन 25 मार्च को स्नातक और परास्नातक के विद्यार्थियों की प्रमुख विषयों की परीक्षा है। ऐसे में खिलाड़ियों के समक्ष पढ़ाई और मैच की प्राथमिकता तय करना चुनौती बनेगा।
स्नातक में हूं। चेन्नई सुपरकिंग की टीम पसंदीदा है। अंबाती रायडू की बल्लेबाजी हमेशा से पसंद है। चुनौती का समय तो है। पहले चार घंटे मैच देखेंगे, उसके बाद पढ़ाई करेंगे।
कौशल, बीए प्रथम।
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम बहुत पसंद है। पांच साल से लगातार मैच देख रहा हूं। आईपीएल के समय पढ़ाई का टाइम टेबल बदल लेते हैं। रात में पढ़ाई थोड़ी ज्यादा करनी पड़ेगी। अंक भी अच्छे हासिल करने हैं। सिर्फ स्कोर ही देखूंगा।
पारस, बीएससी द्वितीय वर्ष।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम पसंद है। युजवेंद्र चाहल की गेंदबाजी पसंद है। बल्लेबाजी विराट कोहली की पसंद है। दो-तीन दिन पहले ही संबंधित विषय की पढ़ाई कर लेंगे। मैच भी हमारे लिए बहुत जरूरी हैं। पढ़ाई और क्रिकेट में से किसी एक को नहीं चुना जा सकता है।
मोहित, बीए प्रथम वर्ष।
पढ़ाई और मैच दोनों ही जरूरी है। परीक्षा की तैयारी अभी से शुरू कर दूंगी, ताकि आखिरी समय पर कोई परेशानी नहीं आए। चेन्नई सुपरकिंग को पसंद करती हूं। हार्दिक पांड्या और महेंद्र सिंह धोनी की बल्लेबाजी, कुलदीप यादव की गेंदबाजी पसंद है। मैच जरूर देखूंगी।
मोहिनी, बीए, द्वितीय।