मुरादाबाद। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में नई भर्ती के सहायक अध्यापकों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीएसए कार्यालय स्तर पर शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच पूरी होने के बाद मेडिकल बोर्ड स्वास्थ्य परीक्षण करेगा। इसके बाद ही शिक्षकों को उनकी पहली तनख्वाह जारी हो सकेगी।
बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में सितंबर के पहले सप्ताह 68500 सहायक शिक्षकों की तैनाती हुई है। इनमें मुरादाबाद जिले में 472 सहायक शिक्षक हैं। जिला स्तरीय कमेटी ने नई भर्ती के शिक्षकों की काउंसलिंग के बाद जिले के स्कूलों में तैनाती कर दी। शिक्षकों को अभी तक वेतन जारी नहीं हुआ है। परिषद सचिव रूबी सिंह ने बीएसए कार्यालय को शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों की तत्काल जांच कराने के आदेश दिए हैं।
बीएसए कार्यालय के मुताबिक नई भर्ती के सभी शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच शुरू हो चुकी है। शिक्षकों के प्रमाण पत्रों का उनके कालेजों से सत्यापन कराया जा रहा है। इसके बाद शिक्षकों का जिला स्तरीय मेडिकल बोर्ड स्वास्थ्य परीक्षण करेगा। बीएसए योगेंद्र कुमार ने बताया कि सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रिपोर्ट परिषद को भेजी जाएगी।
- नई भर्ती के सहायक अध्यापकों के शैक्षिक अभिलेख जमा कराए गए हैं। उनका सत्यापन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सत्यापन रिपोर्ट के बाद मेडिकल कराया जाएगा।
- योगेंद्र कुमार, बीएसए।