रक्षाबंधन त्योहार पर शहर के कई इलाकों में उपभोक्ताओं को बिजली का संकट झेलना पड़ा। दिल्ली रोड में मैन लाइन पर सुबह पेड़ गिर गया। इससे दिल्ली रोड, लाइनपार और खुशालपुर समेत कई इलाकों में बिजली की सप्लाई बंद हो गई। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी त्योहार मनाते रहे। जिसके चलते अधिकतर इलाकों में शाम तक बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
दिल्ली रोड में सर्किट हाउस के पास बिजली की मुख्य लाइन पर पेड़ गिर गया। पेड़ के साथ बिजली का लाइन सड़क पर आ गई। लाइनपार क्षेत्र में भी लाइनों में फाल्ट आ गया। इससे दिल्ली रोड, लाइनपार, बुद्धि विहार, खुशहालपुर और शाहपुर क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। पेड़ दोपहर तक सड़क पर पड़ा रहा। जिससे वाहनों का आवागमन भी बाधित रहा। त्योहार पर बिजली गुल होने से लोग काफी परेशान रहे। अधिकांश घरों में इनवर्टर भी जवाब दे गए। बिजली की आपूर्ति बाधित होने से पानी की सप्लाई भी ठप रही। इससे लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ी। लाइनपार निवासी महेश कुमार ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के फोन नहीं उठे। बिजली घर फोन करने पर लाइन में फाल्ट आने की जानकारी दी गई। अपराह्न में लाइनपार में सप्लाई सुचारु हो गई, जबकि दिल्ली रोड में देर शाम तक लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ा।
ऊर्जा मंत्री को ट्वीट, लाइनपार में आपूर्ति बहाल
लाइनपार निवासी राहुल शर्मा ने अपराह्न में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा एवं जिलाधिकारी राकेश कुमार को ट्वीट कर बिजली गुल होने की जानकारी दी। राहुल शर्मा ने कहा कि त्योहार के दिन सुबह से बिजली गुल है। दोपहर तक बिजली नहीं आने पर लोग विभागीय अफसरों को फोन करते रहे। अफसरों के फोन रिसीव नहीं हुए। राहुल शर्मा के ट्वीट के बाद अपराह्न में लाइनपार में सप्लाई जुड़ गई।