अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। अमर उजाला एवं तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के संयुक्त सहयोग से गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन बुधवार को दिल्ली रोड पर स्थित टिमिट कॉलेज में धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में जिले के तीन होनहार विद्यार्थियों को 15, 10 एवं पांच हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। बाकी सभी मेधावी छात्र - छात्राओं को अमर उजाला की ओर से मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
भविष्य ज्योति सम्मान समारोह कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए इस वर्ष इंटर मीडिएट की परीक्षा में 60 प्रतिशत से ज्यादा अंक पाने वाले होनहार विद्यार्थी बड़ी संख्या में बुधवार को टिमिट में पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसपी सिटी आशीष श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरी मेहनत से पढ़ाई करें सफलता उनके कदम जरूर चूमेगी। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी मेधावी छात्र - छात्राआें को उनके सुनहरे भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि कभी लक्ष्य से भटकना नहीं चाहिए। विद्यार्थियों को हमेशा अपने दिल की सुननी चाहिए और जिस क्षेत्र में पढ़ाई कर कैरियर बनाने का मन करे, उन्हें उसी दिशा में पढ़ाई कर अपना करियर बनाना चाहिए। बच्चों के साथ आए अभिभावकों से उन्होंने अपील करते हुए कहा कि वह बेवजह अपने बच्चों पर उनकी इच्छा के विरुद्ध करियर का चुनाव करने का दबाव न डालें।
इसके उपरांत तीन विद्यार्थियों का चुनाव किया गया। जिन्हें क्रमश: 15, 10 और पांच हजार रुपये की छात्रवृत्ति टिमिट की ओर से दी गई। लकी विजेता चुने गए विद्यार्थियों में प्रथम मौहम्मद उवैस (चित्रगुप्त इंटर कालेज), दूसरे नंबर पर मोहम्मद समीर (कृष्णा बाल विद्या मंदिर) तथा तीसरे नंबर पर सोनम (आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कालेज) रहीं। ‘अमर उजाला’ की तरफ से कार्यक्रम में आए सभी छात्र छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल दिए गए। लक्की ड्रा सिस्टम से चुने गए होनहार तीन विद्यार्थियों को एसपी सिटी ने छात्रवृत्ति के चेक और प्रशस्ति पत्र व मेडल भेंट किए। कार्यक्रम में टिमिट कॉलेज के प्रिंसिपल व मैनेजमेंट लॉ कॉलेज के प्रोफेसर विपिन जैन, प्रिंसिपल ऑफ फार्मेसी कॉलेज के प्रोफेसर के.के. झा, असिस्टेंट प्रोफेसर कंप्यूटर साइंस संदीप वर्मा, कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से रवि जैन, प्रिंसिपल पॉलिटेक्निक अमित शर्मा एवं निर्देशक छात्र कल्याण डा. एमपी सिंह रहे। कार्यक्रम का संचालन टिमिट के प्रोफेसर विपिन जैन ने किया।