केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 12वीं के अंग्रेजी पेपर के साथ शनिवार से मुख्य विषयों की परीक्षाओं की शुरुआत हो गई। कड़ी चौकसी एवं निगरानी में मुरादाबाद जिले में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा हुई। अंग्रेजी का पेपर काफी आसान आने से परीक्षाएं काफी उत्साहित नजर आए। वहीं, हाईस्कूल का इंफॉर्मेशन टेक्नालॉजी का पेपर हुआ। हाईस्कूल के मुख्य विषयों की परीक्षाएं सात मार्च को गणित के पेपर के साथ शुरू होंगी।
मुरादाबाद जिले में सीबीएसई के करीब 46 स्कूल हैं। बोर्ड परीक्षा में करीब सात हजार छात्र एवं छात्राएं पंजीकृत हैं। परीक्षा नौ केंद्रों पर आयोजित हो रही है। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं। अभी तक इंटरमीडिएट की वोकेशनल विषयों की परीक्षा हो रही थी। शनिवार को अंग्रेजी के पेपर के साथ मुख्य विषयों की परीक्षाएं शुरू हुई हैं। सुबह साढ़े दस बजे से परीक्षा हुई। सभी सेंटरों पर परीक्षार्थी पौने दस बजे ही पहुंच गए थे। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश पत्र की जांच करने के बाद परीक्षार्थियों को कक्षों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा कड़ी चौकसी में आयोजित की गई। दोपहर डेढ़ बजे परीक्षा छूटते ही परीक्षार्थी काफी उत्साहित एवं खुश नजर आए। अब पांच मार्च को फिजिक्स का पेपर होगा। सीबीएसई बारहवीं की परीक्षा तीन अप्रैल और हाईस्कूल की 29 मार्च को समाप्त को खत्म होंगी
परीक्षार्थियों से बातचीत:
- पेपर काफी आसान था। पेपर हल करने में ज्यादा मुश्किल नहीं हुई। स्कूल में पढ़ाए गए पाठ्यक्रम से ही सवाल आए थे। स्कूल में पढ़ाई और घर पर रिवीजन किया था, इसलिए कोई परेशानी नहीं हुई। - वंशिका माथुर, छात्रा
- पेपर सरल तो था, लेकिन थोड़ा बड़ा था। आखिरी वक्त तक लिखना पड़ा। सवालों के जवाब देने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। राइटिंग सेक्शन और लिटरेचर सेक्शन राहत भरा था। - वंदना अग्रवाल, छात्रा
- पेपर काफी अच्छा गया है। पेपर हाथ में आते ही मानसिक दबाव दूर हो गया। परीक्षा की शुरुआत अच्छी हुई है। आगे भी इसी तरह के पेपर आए तो उम्मीद है कि आसानी से अच्छे अंक प्राप्त होंगे। - मो फरदीन हसन, छात्र
- बोर्ड ने परीक्षा में सवालों की संख्या कम कर दी गई। राइटिंग सेक्शन में भी बदलाव किया है। पेपर शानदार हुआ। अब मार्किंग सिस्टम यह निर्भर है कि कितने अंक हासिल हो सकते हैं। - हर्षिक वार्ष्णेय, छात्र