उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से खत्म हो गई। इंटरमीडिएट का अंग्रेजी का आखिरी पेपर था। पेपर छूटते ही बच्चों ने कहीं गुलाल उड़ाकी खुशी का इजहार किया तो कहीं गुरुओं का आशीर्वाद लिया।
यूपी बोर्ड की सात फरवरी से परीक्षाएं शुरू हुई थी। 125 केंद्रों पर दो पाली में आयोजित परीक्षा के लिए 83730 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था। सात फरवरी को सुबह की पाली में हाईस्कूल की संगीत और दूसरी पाली में इंटर की काष्ठ शिल्प के पेपर के साथ परीक्षाएं शुरू हुई थी। दो मार्च शनिवार को बोर्ड की परीक्षाएं इंटर के अंग्रेजी के पेपर के साथ खत्म हो गई। जबकि हाईस्कूल की परीक्षाएं 28 फरवरी को संस्कृत के पेपर के साथ संपन्न हो गई थी।
शनिवार को अंग्रेजी के आखिरी पेपर में 36671 छात्राओं का पंजीकरण था। इसमें 33320 बच्चों ने परीक्षा दी और 3351 ने छोड़ दी। भारत सिंह मेमोरियल इंटर कालेज अदलपुर परीक्षा केंद्र पर एक छात्रा को नकल करते पकड़ा गया। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार ने परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित कराई गई। प्रदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि 10 मार्च से मूल्यांकन शुरू होगा। मूल्यांकन के लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं।
पांच और छह मार्च को प्रयोगात्मक परीक्षाएं
यूपी बोर्ड में जिन बच्चों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं छूटी हैं वो पांच और छह मार्च को राजकीय इंटर कालेज मुरादाबाद में अपनी परीक्षाएं दे पाएंगे। प्रयोगात्मक परीक्षा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए अरविंद कुमार, मो अजीम, बिम्मी रस्तोगी, सुशील चंद्र गुप्ता, ममता शर्मा, राजेंद्र कुमार और हेमंत अवस्थी की ड्यूटी जारी हो गई है।