बिलारी। नगर मेला कमेटी बिलारी के तत्वावधान में बृहस्पतिवार की शाम नगर में धूमधाम से फूलडोल शोभायात्रा निकाली गई। विशेष पूजा अर्चना के बाद फूलडोल शोभा यात्रा शुरू हुई। नगर मेला कमेटी के अध्यक्ष संजय जैन ने बैंड कलाकारों को अंग वस्त्र पहनाकर शोभा यात्रा में शामिल किया। जनता बैंड, ग्रेट मास्टर बैंड और अन्य बैंड कलाकार भक्ति की धुनों का प्रदर्शन किया। शोभा यात्रा में कृष्ण बलराम, राधा कृष्ण, शंकर जी, रासमंडल, रामदरबार, कंस दरबार, दुर्गा दरबार की झांकियों के अलावा अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की 26 घोड़ों की विशेष झांकी भी शामिल रही। इस झांकी में महाराणा प्रताप, लक्ष्मीबाई, दुर्गावती, पृथ्वीराज चौहान, छत्रपति शिवाजी, रानी चिनम्मा आदि के स्वरूप धारण कर प्रदर्शन किया गया।
नगर मेला कमेटी के कोषाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार चुग के प्रतिष्ठान पर शोभायात्रा की झांकियों के स्वरूपों पर फूल बरसाकर जयकारों के साथ उनका स्वागत किया गया। शोभा यात्रा संचालन में मेला कमेटी अध्यक्ष संजय जैन, ऋषिपाल सिंह, विश्वास यादव, शरद चंद्र अग्रवाल आदि रहे।