मुरादाबाद। मुरादाबाद मंडल के किडनी रोगियों के लिए राहत भरी खबर है। जिला अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस यूनिट खुलने जा रही है। यूनिट खुलने से किडनी के मरीजों को सस्ता इलाज मिल पाएगा। यूनिट स्थापित करने के लिए ग्राउंड फ्लोर में कक्ष तैयार हो चुका है। कक्ष में बिजली उपकरणों की फिटिंग होते ही मशीनें लग जाएंगी।
मंडल में अभी तक किसी भी सरकारी अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा नहीं है। किडनी के मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है। प्राइवेट अस्पताल एक बार डायलिसिस करने का दो हजार रुपये से अधिक वसूलते हैं। गंभीर मरीजों को हफ्ते में एक से अधिक बार डायलिसिस करानी पड़ती है। मंडल के सबसे बड़े रेफरल सेंटर जिला अस्पताल मुरादाबाद में डायलिसिस यूनिट स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार ने हरी झंडी दे दी है। स्वास्थ्य विभाग ने यूनिट के संचालन के लिए लखनऊ की एक एजेंसी से अनुबंध भी कर लिया है। यूनिट शुरू होते ही अस्पताल में ही किडनी मरीजों के लिए 10 बेड आरक्षित रहेंगे।
बीपीएल मरीजों की फ्री होगी डायलिसिस : जिला अस्पताल में डायलिसिस यूनिट खुलने पर बीपीएल के मरीजों की फ्री में डायलिसिस की जाएगी। जबकि सामान्य श्रेणी के मरीजों से एक डायलिसिस का 800 रुपये लिए जाएंगे।
केंद्र सरकार की मदद से लगेगी यूनिट : उत्तरप्रदेश में 18 मंडलों के मंडल और जिला अस्पतालों में डायलिसिस यूनिट लगाई जा रही हैं। योगी सरकार की पहल पर केंद्र सरकार डायलिसिस यूनिट स्थापित करने के लिए बजट दे रही है। यूनिट लगाने के लिए 60 फीसदी खर्च केंद्र सरकार देगी, जबकि 40 फीसदी खर्च प्रदेश सरकार लगाएगी।
- डायलिसिस यूनिट लगने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। अभी तक मरीजों को निजी अस्पतालों और मेरठ मेडिकल कालेज पर निर्भर रहना पड़ता है। यूनिट के लिए कक्ष तैयार करने का काम आखिरी चरण में हैं।
- डा. ज्योत्सना पंत, मंडलीय अपर निदेशक स्वास्थ्य विभाग