मुरादाबाद। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर गुरुवार रात पटरी फैल गई। जैसलमेर से हावड़ा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के ड्राइवर को झटका लगा। चालक ने तुरंत ही इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। गनीमत रही कि ट्रेन के पहिये नीचे नहीं उतरे वरना हादसा हो सकता था। जानकारी मिलने पर रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक की मरम्मत की। जिसकी वजह से सात ट्रेन लेट हो गईं। देर रात दो बजकर 50 मिनट पर ट्रैक ठीक करने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।
जैसलमेर से हावड़ा जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन साढ़े ग्यारह बजे मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर आकर रुकी। कुछ देर रुकने के बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हो गई। इसी बीच चालक को जोरदार झटका लगा। चालक ने तुरंत ही ट्रेन की रफ्तार कम कर दी। इसके बाद चालक ने रेलवे कंट्रोल रूम में इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर रेलवे टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक की मरम्मत की गई। रात 02 बजकर 50 मिनट पर ट्रैक ठीक किया गया। इसके बाद ही ट्रेनों का संचालन शुरू हो पाया। पटरी फैलने की वजह से जैसलमेर-हावड़ा एक्सप्रेस, नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली लखनऊ मेल, हरिद्वार से हावड़ा जाने वाली एक्सप्रेस, देहरादून से वाराणसी जाने वाली दून एक्सप्रेस, जम्मूतवी एक्सप्रेस और दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस लेट हो गई।